सरगुजा जिले के धौरपुर थाना क्षेत्र के रवई गांव में धान की रखवाली को लेकर हुए विवाद के बाद एक ग्रामीण की टांगी से हमला कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है. पुलिस ने छंदना उर्फ छन्ना कोरवा के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है. घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है.
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को जम्हीर कोरवा ने गांव की महिला बयालो कोरवा को धान की रखवाली के लिए चउरपानी चलने को कहा था. आधार कार्ड और राशन कार्ड का केवाईसी नहीं होने के कारण बयालो अन्य महिलाओं के साथ वहां नहीं गई थीं. इसी बात को लेकर देर रात दोनों के बीच विवाद हो गया.
आरोप है कि विवाद के दौरान जम्हीर ने बयालो के सिर पर हाथ में पहने कड़े से वार किया. इससे उनकी बाईं आंख के ऊपर गहरी चोट लगी और खून निकलने लगा. मां को घायल देखकर उनका बेटा छंदना कथित तौर पर गुस्से में आ गया और मंगल कोरवा के घर में रखी टांगी से जम्हीर के सिर पर कई वार कर दिए.
मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों को छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन जम्हीर गंभीर रूप से घायल होकर गिर गए. कुछ देर बाद उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद छंदना टांगी वहीं छोड़कर भाग गया.
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.
