सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र में स्वामी आत्मानंद स्कूल के कक्षा 12 के 17 वर्षीय छात्र अनुपम सोनी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. शनिवार सुबह परिजनों को उसका शव कमरे में मिला. वे उसे अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.
परिजनों के अनुसार, करीब एक महीने पहले तीन युवकों ने अनुपम के साथ मारपीट की थी. आरोप है कि युवकों ने उसका वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी दी. परिवार का कहना है कि इस घटना के बाद छात्र मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था और कुछ समय के लिए स्कूल जाना भी बंद कर दिया था. हाल के दिनों में उसने दोबारा स्कूल जाना शुरू किया था, लेकिन वह तनाव में और चुपचाप रहता था.
पुलिस के अनुसार, छात्र की शिकायत पर तीनों आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. हालांकि, पुलिस अभी यह जांच कर रही है कि अनुपम की मौत का संबंध पूर्व में हुई मारपीट और वीडियो बनाने की घटना से था या इसके पीछे कोई अन्य कारण था.
सीतापुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम किया है. थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार छात्र की मृत्यु रात करीब दो से तीन बजे के बीच हुई हो सकती है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी संबंधित परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है.
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय विधायक रामकुमार टोप्पो अस्पताल पहुंचे और परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की. परिजनों के मुताबिक, छात्र के भाई-बहन के सरगुजा पहुंचने के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा.
