भारत को एशियन गेम्स 2026 में शूटिंग का पहला स्वर्ण पदक मिल गया है. 25 सितंबर को 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम स्पर्धा में सुरुचि सिंह और कमलजीत की जोड़ी ने 484.6 अंक के साथ गोल्ड जीता. इस प्रदर्शन के दौरान भारतीय जोड़ी ने नया एशियन रिकॉर्ड भी बनाया. यह प्रतियोगिता में भारत का दूसरा स्वर्ण पदक है.
दोनों निशानेबाजों का हरियाणा से संबंध है. सुरुचि सिंह झज्जर की रहने वाली हैं, जबकि कमलजीत रेवाड़ी जिले के सुलखा गांव से आते हैं.
13 साल की उम्र में शूटिंग शुरू की
28 अप्रैल 2006 को जन्मी सुरुचि का ट्रेनिंग बेस झज्जर है. उन्होंने 13 साल की उम्र में शूटिंग शुरू की थी. शुरुआत में परिवार की खेल पृष्ठभूमि को देखते हुए उन्हें कुश्ती आजमाने के लिए प्रोत्साहित किया गया, लेकिन बाद में उन्होंने शूटिंग को अपना करियर चुना. भिवानी की गुरु द्रोणाचार्य शूटिंग अकादमी में उन्होंने कोच सुरेश सिंह के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण लिया.
साल 2025 में सुरुचि ने सीनियर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार अच्छा प्रदर्शन किया. उन्होंने ब्यूनस आयर्स, लीमा और म्यूनिख में ISSF वर्ल्ड कप के तीन गोल्ड जीते. लीमा में उन्होंने सौरभ चौधरी के साथ मिक्स्ड टीम स्पर्धा में भी स्वर्ण हासिल किया. उसी साल दोहा में ISSF वर्ल्ड कप फाइनल के 10 मीटर एयर पिस्टल मुकाबले में उन्होंने गोल्ड जीता और 245.1 अंक के साथ जूनियर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया.
2026 में म्यूनिख ISSF वर्ल्ड कप में भी सुरुचि ने स्वर्ण जीता. नई दिल्ली में एशियन शूटिंग चैम्पियनशिप के 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में उन्होंने सम्राट राणा के साथ सिल्वर मेडल हासिल किया था.
चोट के बाद बदला खेल
22 अगस्त 2003 को जन्मे कमलजीत 10 मीटर एयर पिस्टल के अलावा 50 मीटर पिस्टल में भी हिस्सा लेते हैं. उनका ट्रेनिंग बेस सुलखा की 10X शूटिंग अकादमी है. उन्होंने 2019 में शूटिंग शुरू की. इससे पहले वह ट्रैक एंड फील्ड एथलेटिक्स से जुड़े थे, लेकिन चोट के बाद उन्हें यह खेल छोड़ना पड़ा.
शूटिंग के शुरुआती दौर में कोचिंग, कोर्स फीस और प्रतियोगिताओं के खर्च को लेकर उन्हें आर्थिक चुनौतियों का सामना करना पड़ा. एक समय उन्होंने खेल छोड़ने पर भी विचार किया, लेकिन माता-पिता के सहयोग से उन्होंने प्रशिक्षण जारी रखा.
2023 में कमलजीत ने चांगवॉन ISSF जूनियर वर्ल्ड चैम्पियनशिप में 50 मीटर पिस्टल जूनियर पुरुष व्यक्तिगत स्पर्धा में 544 अंक के साथ गोल्ड जीता. टीम इवेंट में भी उन्होंने अंकित तोमर और संदीप बिश्नोई के साथ स्वर्ण हासिल किया. उसी वर्ष बाकू वर्ल्ड चैम्पियनशिप में 50 मीटर पिस्टल पुरुष टीम स्पर्धा में उन्होंने ब्रॉन्ज जीता. 2025 में काहिरा वर्ल्ड चैम्पियनशिप में इसी वर्ग की टीम स्पर्धा में उन्हें सिल्वर मिला. 2026 की नई दिल्ली एशियन चैम्पियनशिप में 50 मीटर पिस्टल व्यक्तिगत स्पर्धा में उन्होंने 561 अंक के साथ रजत पदक जीता.
