महेंद्रगढ़ जिले के देवनगर गांव की रहने वाली सुशीला देवी ने 63 वर्ष की उम्र में राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (NIOS) की 10वीं की परीक्षा पास की है. उन्होंने 79.6 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं.
सुशीला देवी के अनुसार, वह बचपन में पारिवारिक सामाजिक परिस्थितियों के कारण पढ़ाई जारी नहीं रख सकीं और पांचवीं कक्षा के बाद शिक्षा छूट गई थी. हालांकि, शादी के बाद भी वह नियमित रूप से अखबार पढ़ती रहीं और नई जानकारियां जुटाने में रुचि रखती थीं.
उनके बेटे विष्णु ने उनकी पढ़ाई में रुचि को देखते हुए NIOS के माध्यम से 10वीं का फॉर्म भरवाया. शुरुआत में विषयों को समझने में उन्हें समय लगा, लेकिन बेटे और बेटियों ने तैयारी में सहयोग किया. सुशीला देवी रोज करीब तीन से चार घंटे पढ़ाई करती थीं.
पांच विषयों में मिले अंक
अप्रैल 2026 में आयोजित परीक्षा में सुशीला देवी को अंग्रेजी में 89, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी में 88, गणित में 78, पेंटिंग में 76 और हिंदी में 67 अंक मिले. इन पांच विषयों में उनके कुल 398 अंक बने, जो 79.6 प्रतिशत हैं.
सुशीला देवी ने कहा कि वह आगे की शिक्षा जारी रखने और सरपंच पद का चुनाव लड़ने के लक्ष्य के करीब आने के लिए पढ़ना चाहती थीं. उन्होंने महिलाओं और युवाओं से सीखने की इच्छा बनाए रखने की अपील की और कहा कि पढ़ाई के लिए उम्र बाधा नहीं होनी चाहिए.
