स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में नवी मुंबई को देश का सबसे स्वच्छ शहर चुना गया है. इसके साथ ही इंदौर का लगातार आठ वर्षों से चला आ रहा शीर्ष स्थान समाप्त हो गया. सूरत दूसरे और विजयवाड़ा तीसरे स्थान पर रहे. यह केंद्र के वार्षिक स्वच्छता सर्वेक्षण का 10वां संस्करण है.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार 2025-26 प्रदान किए. मध्य प्रदेश ने स्वच्छता और सैनिटेशन श्रेणी में अपने शहरों के प्रदर्शन के आधार पर राष्ट्रीय स्तर पर सबसे अधिक नौ पुरस्कार जीते.
इंदौर को इस वर्ष सामान्य सबसे स्वच्छ शहर श्रेणी से अलग ‘स्वच्छ शहर जोड़ी’ पहल के तहत मेंटर सिटी श्रेणी में रखा गया. इंदौर और उसके साझेदार शहर देपालपुर ने इस श्रेणी में दूसरा स्थान हासिल किया.
दस लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में ग्रेटर विशाखापत्तनम पहले, जबलपुर दूसरे और लखनऊ तीसरे स्थान पर रहे. 50 हजार से तीन लाख आबादी वाली श्रेणी में देवास शीर्ष पर रहा. नई दिल्ली नगर परिषद दूसरे और सागर तीसरे स्थान पर रहे.
20 हजार से 50 हजार आबादी वाली श्रेणी में महाराष्ट्र का वीटा पहले स्थान पर रहा. विशेष श्रेणियों में मध्य प्रदेश का रीवा सबसे स्वच्छ रिवरफ्रंट टाउन चुना गया. बिलासपुर और वाराणसी उसके बाद रहे. ओडिशा का पुरी सबसे स्वच्छ तटीय शहर बना, जबकि उत्तराखंड का रुद्रपुर सबसे स्वच्छ हिमालयी शहर चुना गया और जम्मू दूसरे स्थान पर रहा.
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि सर्वेक्षण की पूरी अंक-सूची जल्द जारी की जाएगी.
