राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को स्वच्छता सर्वेक्षण-2025 के पुरस्कार प्रदान किए. इस बार सुपर स्वच्छ लीग में महाराष्ट्र की नवी मुंबई को पहला, गुजरात के सूरत को दूसरा और आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा को तीसरा स्थान मिला.

पिछले सर्वेक्षण में सुपर स्वच्छ लीग में इंदौर पहले, सूरत दूसरे और नवी मुंबई तीसरे स्थान पर थे. इस बार राजस्थान में जयपुर और मध्य प्रदेश में ग्वालियर को अपने-अपने राज्य का सबसे स्वच्छ शहर चुना गया.

मेंटर सिटी श्रेणी में अहमदाबाद आगे

मेंटर सिटी श्रेणी में अहमदाबाद को पहला, इंदौर को दूसरा और तिरुपति को तीसरा स्थान मिला. स्वच्छ शहर जोड़ी पहल के तहत इन शहरों के साथ क्रमशः साणंद, देपालपुर और कुप्पम को मेंटी सिटी बनाया गया था. यह पहल मेंटर और मेंटी शहरों के बीच स्वच्छता संबंधी अनुभव साझा करने पर आधारित है.

इस बार नदी किनारे बसे शहरों के लिए रिवर टाउन और अर्बन रिवर फ्रंट श्रेणी में विशेष मूल्यांकन किया गया. समुद्र तटीय शहरों के लिए भी अलग मूल्यांकन मैट्रिक्स रखा गया.

भोपाल को इस बार राष्ट्रीय पुरस्कारों की दौड़ में स्थान नहीं मिला. रिपोर्ट में इसका संभावित कारण आदमपुर छावनी में जमा करीब पांच लाख टन पुराने कचरे का निपटान न होना बताया गया है. इस मामले से जुड़ा प्रकरण सुप्रीम कोर्ट में लंबित है. जयपुर को राज्य स्तर पर सबसे स्वच्छ शहर का पुरस्कार मिला, हालांकि वह किसी राष्ट्रीय श्रेणी में शीर्ष तीन में शामिल नहीं रहा.