Hinduja Group की कंपनी Switch Mobility ने दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क के लिए 840 इलेक्ट्रिक बसों का ऑर्डर हासिल किया है. कंपनी के अनुसार, यह ऑर्डर केंद्र की PM Electric Drive Revolution in Innovative Vehicle Enhancement (PM E-Drive) योजना के पहले चरण के तहत Antony Road Transport Solutions से मिला है.

ऑर्डर में 9 मीटर और 12 मीटर लंबाई वाली AC इलेक्ट्रिक बसें शामिल हैं. दोनों श्रेणियों की 420-420 बसें दिल्ली परिवहन निगम (DTC) और दिल्ली के परिवहन विभाग के लिए तैनात की जाएंगी.

Switch Mobility ने कहा कि इन बसों की तैनाती से दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क में यात्रियों की आवाजाही को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी. कंपनी के मुताबिक, यह साझेदारी राजधानी में टिकाऊ और स्वच्छ परिवहन की दिशा में भी योगदान देगी. बसों की तैनाती से जुड़े समझौतों को Switch Mobility और Antony Road Transport Solutions के बीच औपचारिक रूप दिया जा चुका है.

Switch Mobility के CEO गणेश मणि ने कहा कि यह ऑर्डर बड़े पैमाने पर सार्वजनिक परिवहन के लिए इलेक्ट्रिक मोबिलिटी समाधानों में बढ़ते भरोसे को दर्शाता है. उनके अनुसार, 9 मीटर और 12 मीटर बसों का मिश्रण अलग-अलग यात्री परिवहन जरूरतों को पूरा करने में मदद करेगा.

Antony Road Transport Solutions के निदेशक जिमी जॉन ने कहा कि Ashok Leyland के साथ कंपनी के लंबे संबंध और Hinduja Group में भरोसे के कारण यह ऑर्डर दिया गया है. उन्होंने इसे NCR की टिकाऊ मोबिलिटी यात्रा में सहयोगी कदम बताया.