ताइपे में रूस के प्रतिनिधि कार्यालय की ओर से 1945 की सोवियत डॉक्यूमेंट्री ‘Smashing Militarist Japan’ की बंद कमरे में स्क्रीनिंग ने ताइवान सरकार का ध्यान खींचा है. यह फिल्म जापानी सैन्यवाद की हार पर केंद्रित है और इसे देखने के लिए करीब 20 ताइवानी मेहमानों को आमंत्रित किया गया था.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ताइवान के अधिकारियों को आशंका है कि रूस इस आयोजन के जरिए चीन के उस नैरेटिव को मजबूत करने में मदद कर रहा है, जिसमें जापान को उभरते सैन्य खतरे के रूप में पेश किया जाता है. ताइपे को यह भी चिंता है कि ऐसी गतिविधियां जापान और अन्य पश्चिमी साझेदारों के साथ उसके संबंधों में मतभेद पैदा करने की कोशिश हो सकती हैं.
ताइवान की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद ने कहा है कि वह रूस और चीन के बीच सैन्य तथा ‘कॉग्निटिव वॉरफेयर’ से जुड़े सहयोग पर नजर रख रही है. विदेश मंत्रालय ने कहा कि ऐसे संवाद ऐतिहासिक तथ्यों, लोकतांत्रिक मूल्यों और स्वतंत्रता का सम्मान करने वाले होने चाहिए.
चीन के विदेश मंत्रालय ने कहा कि उसे इस स्क्रीनिंग की जानकारी नहीं थी. रूस के प्रतिनिधि कार्यालय ने भविष्य में ऐसी गतिविधियां जारी रखने के संकेत दिए हैं.
