आगरा के ताजमहल में एक विदेशी महिला पर्यटक के फोटोशूट के दौरान कुछ युवकों के उसे लगातार घूरने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में फोटोग्राफर युवकों से उनके व्यवहार पर सवाल करते और वहां से हटने को कहते दिखाई देते हैं.
फोटोग्राफर ने हिंदी में युवकों से पूछा कि वे वहां खड़े होकर महिला को क्यों देख रहे हैं और क्या उन्हें असहज महसूस नहीं होगा. उन्होंने कहा कि अगर वे ताजमहल देखने आए हैं, तो परिसर में आगे जाकर घूमना चाहिए.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, युवकों ने शुरुआत में बहस करते हुए कहा कि वे अपना काम कर रहे थे. बाद में एक अन्य व्यक्ति के हस्तक्षेप के बाद वे वहां से चले गए.
वीडियो Instagram अकाउंट @official_tajmahal.photography से साझा किया गया था. पोस्ट के साथ विदेशी पर्यटकों की निजी जगह और अनुभव का सम्मान करने की अपील की गई.
वीडियो पर बड़ी संख्या में प्रतिक्रियाएं आईं और कई लोगों ने फोटोग्राफर के हस्तक्षेप की सराहना की. फोटोग्राफर ने बाद में प्रतिक्रिया देने वालों का आभार जताते हुए कहा कि भारत को विदेशी मेहमानों के लिए सुरक्षित और स्वागतयोग्य बनाने में हर व्यक्ति की भूमिका है.
