आगरा का ताजमहल दिन में अपने चमकीले सफेद संगमरमर के लिए जाना जाता है, लेकिन रात में इसका परिसर अपेक्षाकृत अंधेरे में रहता है. ताजमहल में रात के समय सामान्य रूप से तेज रोशनी नहीं की जाती. इसके पीछे किसी ऐतिहासिक परंपरा के बजाय स्मारक के संरक्षण से जुड़ा वैज्ञानिक कारण बताया जाता है.

ताजमहल यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल है. इसका निर्माण ट्रांसलूसेंट सफेद संगमरमर से हुआ है और इसमें जैस्पर, जेड, फ़िरोज़ा, लैपिस लाजुली, नीलम तथा कार्नेलियन जैसे अर्ध-कीमती पत्थर जड़े हैं. ऐसे में इसकी सतह और रंग को सुरक्षित रखना संरक्षण एजेंसियों के लिए महत्वपूर्ण है.

रोशनी से क्यों बढ़ता है खतरा

यमुना नदी और उसके आसपास मौजूद कीड़े-मकौड़े रात में तेज रोशनी की ओर आकर्षित हो सकते हैं. यदि स्मारक पर पर्याप्त प्रकाश डाला जाए, तो ये कीट ताजमहल की दीवारों और संगमरमर की सतह पर बैठ सकते हैं. उनके अवशेष और गंदगी से दीवारों पर दाग पड़ने का खतरा रहता है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) की साइंस ब्रांच ने 2015 में ताजमहल में रात की रोशनी से जुड़े जोखिमों का परीक्षण किया था. रिपोर्टों में कहा गया कि परिसर की हाईमास्ट लाइट से आकर्षित कीड़े ताजमहल की दीवारों पर बैठने लगे थे.

जांच में संगमरमर की सतह पर हरे और काले रंग के पिगमेंट जैसे निशान मिलने की बात सामने आई. ऐसे धब्बों को हटाना आसान नहीं होता और इससे स्मारक की सफेद चमक प्रभावित हो सकती है. इसी संरक्षण चिंता के कारण ताजमहल को रात में तेज रोशनी से बचाया जाता है.