तमिलनाडु के 52 प्रमुख मंदिरों में स्मार्टफोन ले जाने और उसके इस्तेमाल पर रोक लागू कर दी गई है. राज्य के हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग (HR&CE) के मंत्री रमेश के मुताबिक, श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश से पहले अपना स्मार्टफोन जमा कराना होगा. इसके लिए प्रति फोन ₹5 शुल्क लिया जाएगा.
कैमरा रहित मोबाइल फोन को मंदिर के अंदर ले जाने की अनुमति होगी. हालांकि, कैमरा वाले फोन से मंदिर परिसर में फोटो खींचने, वीडियो बनाने, रील रिकॉर्ड करने और धार्मिक अनुष्ठानों की रिकॉर्डिंग पर प्रतिबंध रहेगा. यह नियम VIP, मशहूर हस्तियों और अन्य लोगों पर भी समान रूप से लागू होगा.
हाईकोर्ट के आदेश के आधार पर लागू हुआ नियम
यह व्यवस्था मद्रास हाईकोर्ट की मदुरै बेंच के 2 दिसंबर 2022 के आदेश के आधार पर लागू की गई है. अदालत ने तिरुचेंदूर स्थित अरुलमिगु सुब्रमण्यम स्वामी मंदिर में स्मार्टफोन के इस्तेमाल पर रोक लगाने की मांग वाली जनहित याचिका पर सुनवाई के दौरान मंदिरों में मोबाइल फोन के उपयोग से जुड़े निर्देश दिए थे.
HR&CE विभाग के अनुसार, मंदिरों में श्रद्धालुओं, खासकर युवाओं द्वारा फोटो, वीडियो और रील बनाए जाने को लेकर चिंता जताई जा रही थी. नई व्यवस्था का उद्देश्य मंदिरों की पवित्रता और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना बताया गया है.
कांचीपुरम के मंदिर में जमा केंद्र शुरू
कांचीपुरम के देवराजस्वामी-अथि वरदार मंदिर में मंगलवार सुबह 6 बजे से फोन जमा करने की व्यवस्था शुरू कर दी गई. वहां इस काम के लिए दो कंप्यूटर ऑपरेटर और दो अन्य कर्मचारियों को तैनात किया गया है.
मंदिर अधिकारियों को प्रवेश द्वार और मंदिर परिसर के बाहर मोबाइल फोन प्रतिबंध की जानकारी देने वाले बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए हैं. श्रद्धालुओं को लाउडस्पीकर के जरिए भी नियमों की जानकारी देने को कहा गया है.
नए प्रावधानों के तहत मंदिर परिसर में देवी-देवताओं की तस्वीरें खींचने, धार्मिक आयोजनों की वीडियो रिकॉर्डिंग करने और किसी भी व्यक्ति के फोटो या वीडियो बनाने की अनुमति नहीं होगी. श्रद्धालुओं के लिए फोन जमा करने और सुरक्षित रूप से वापस लेने की स्थानीय व्यवस्था और शुल्क संबंधी प्रक्रिया मंदिर प्रशासन के स्तर पर संचालित की जाएगी.
