तमिलनाडु के दलित शोधार्थी भरतिदासन ने आरोप लगाया है कि राज्य के सामाजिक न्याय विभाग ने उनकी छात्रवृत्ति राशि में देरी कर उन्हें मानसिक दबाव में डाला. वह मलेशिया की Universiti Kebangsaan Malaysia में Tissue Engineering and Regenerative Medicine में PhD कर रहे हैं.
भरतिदासन ने एक वीडियो संदेश में कहा कि दूसरे वर्ष की शोध राशि जारी नहीं होने से उनका शोध प्रभावित हो रहा है और विश्वविद्यालय में उनकी पढ़ाई पर संकट पैदा हो सकता है. उन्होंने अपनी स्थिति की तुलना रोहित वेमुला के मामले से की.
राज्य सरकार ने आरोपों से इनकार किया है. सामाजिक न्याय विभाग के अनुसार, Annal Ambedkar Overseas Education Scholarship के तहत पहले वर्ष 2025-26 के लिए ₹36 लाख और दूसरे वर्ष 2026-27 में फीस व जीवन-यापन के लिए ₹12 लाख जारी किए जा चुके हैं. यानी अब तक कुल ₹48 लाख दिए गए हैं.
विभाग का कहना है कि दूसरे वर्ष के शोध खर्च के लिए मांगी गई ₹19.50 लाख की राशि पर विश्वविद्यालय की अनुशंसा नहीं मिली है. साथ ही, पहले वर्ष के ₹8.18 लाख के खर्च से जुड़े बिल और भुगतान प्रमाणों की पुष्टि भी मांगी गई है. विभाग ने विश्वविद्यालय को पत्र भेजकर शोध सामग्री और खर्चों की पुष्टि करने को कहा है.
