भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अगले कुछ दिनों के दौरान देश के कई हिस्सों में बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं का पूर्वानुमान जताया है. तमिलनाडु और केरल के कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है. दक्षिण भारत में तटीय आंध्र प्रदेश, यानम, रायलसीमा, पुडुचेरी, कराईकल, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, माहे और लक्षद्वीप में भी बारिश हो सकती है.
उत्तराखंड के देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी गढ़वाल, अल्मोड़ा, नैनीताल, चंपावत और ऊधम सिंह नगर में अगले चार दिनों के दौरान मध्यम बारिश का अनुमान है. इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. राज्य में अगले पांच दिनों के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है. 4,200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है.
दिल्ली में 9 अक्टूबर को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और पंजाब के कुछ हिस्सों में भी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है.
