तमिलनाडु सरकार नवजात बच्चों के लिए एक ग्राम की सोने की अंगूठी देने वाली योजना शुरू करने जा रही है. मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय 28 सितंबर को योजना की औपचारिक शुरुआत करेंगे. पहले चरण में खरीदी गई 1.28 लाख अंगूठियों का वितरण राज्यभर के सरकारी अस्पतालों में किया जाएगा.

सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले बच्चों को लाभ

राज्य सरकार के मुताबिक, ‘थाईमामन थंगा मोथिरम थिट्टम’ के तहत सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले बच्चों को एक ग्राम और 22 कैरेट सोने की अंगूठी दी जाएगी. योजना का लाभ केवल तमिलनाडु के स्थायी निवासियों को मिलेगा.

सरकार ने बताया है कि योजना को मुख्यमंत्री के जन्मदिन 22 जून से प्रभावी माना गया है. इसके तहत 21 जून या उसके बाद जन्म लेने वाले पात्र बच्चों को पहले चरण में अंगूठी दी जाएगी. वितरण 28 सितंबर को प्रस्तावित है.

हर अंगूठी पर एक यूनिक सीरियल नंबर होगा और उसे टैम्पर-प्रूफ पैकेजिंग में रखा जाएगा. तमिलनाडु मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन ने अंगूठियों की आपूर्ति के लिए Joyalukkas और Kalyan Jewellers को जिम्मेदारी दी है. दोनों कंपनियां 70:30 के अनुपात में आपूर्ति करेंगी.

चुनावी वादे के बाद लागू हो रही योजना

योजना की घोषणा मुख्यमंत्री विजय ने 7 मार्च को मल्लापुरम में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान की थी. यह विधानसभा चुनाव से पहले किए गए उनके चुनावी वादों में शामिल थी. राज्य सरकार ने योजना के लिए सालाना 755.83 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है.

योजना का नाम तमिल परंपरा से जुड़ा है, जिसमें नवजात को सोने की अंगूठी देने में मामा की विशेष भूमिका मानी जाती है. पात्रता के लिए बच्चे का सरकारी अस्पताल में जन्म और परिवार का तमिलनाडु का स्थायी निवासी होना प्रमुख शर्तें बताई गई हैं.