टाटा ट्रस्ट्स और Tata Sons के बीच बढ़ते बोर्डरूम विवाद में कानूनी खर्च को लेकर ट्रस्ट के भीतर मतभेद सामने आया है. Tata Education and Development Trust (TEDT) के ट्रस्टी मेहली मिस्त्री ने संभावित मुकदमेबाजी का खर्च ट्रस्ट की रकम से उठाए जाने पर आपत्ति जताई है.
मिस्त्री ने ट्रस्ट के अन्य सदस्यों को भेजे संदेश में कहा कि TEDT इस विवाद से जुड़े किसी भी कानूनी खर्च का भुगतान नहीं करेगा. उनका तर्क है कि TEDT के पास Tata Sons के शेयर नहीं हैं, इसलिए उसे इस मामले से जुड़े खर्च का भार नहीं उठाना चाहिए.
यह विवाद Tata Sons के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन को पांच वर्ष के एक और कार्यकाल के लिए नियुक्त किए जाने के फैसले से जुड़ा है. Tata Trusts ने इस प्रस्ताव की वैधता पर सवाल उठाते हुए कानूनी विकल्प तलाशने की बात कही है. ट्रस्ट चेयरमैन नोएल टाटा ने बोर्ड के फैसले का विरोध किया था.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मिस्त्री ने अपनी आपत्ति को अगली ट्रस्टी बैठक में दर्ज कराने को कहा है. अभी यह स्पष्ट नहीं है कि प्रस्तावित कानूनी कार्रवाई का खर्च आखिर कौन-सी संस्था या पक्ष उठाएगा.
