टाटा केमिकल्स लिमिटेड की पूर्ण स्वामित्व वाली अमेरिकी सहायक कंपनी टाटा केमिकल्स नॉर्थ अमेरिका इंक. (TCNA) ने 5 लाख मीट्रिक टन से अधिक सोडा ऐश की आपूर्ति से जुड़े ग्राहक अनुबंध हासिल किए हैं. कंपनी के अनुसार, इन अनुबंधों के तहत आपूर्ति सितंबर 2026 से दिसंबर 2028 तक की जानी है.

टाटा केमिकल्स ने बताया कि TCNA ने अमेरिका की सीर्ल्स वैली मिनरल्स इंक. (SVM) के साथ Assignment and Assumption Agreement (ASA) किया है. इसके तहत कुछ सोडा ऐश ग्राहक अनुबंध और उनसे जुड़े वाणिज्यिक अधिकार TCNA को हस्तांतरित किए जाएंगे.

अमेरिकी दिवालियापन प्रक्रिया में सफल बोलीदाता

कंपनी के मुताबिक, SVM USA की Chapter 11 दिवालियापन कार्यवाही में TCNA को सफल बोलीदाता घोषित किया गया था. इस लेनदेन को अमेरिका के डेलावेयर जिले की दिवालियापन अदालत से मंजूरी भी मिल चुकी है.

सौदे के लिए नकद प्रतिफल 2.116 करोड़ डॉलर तय किया गया है. हालांकि, लेनदेन अभी ASA में तय सामान्य क्लोजिंग शर्तों के पूरा होने पर निर्भर है. इसलिए अनुबंधों का अंतिम हस्तांतरण इन शर्तों के अनुपालन के बाद ही होगा.

दिसंबर 2028 तक 11 करोड़ डॉलर से अधिक राजस्व का अनुमान

टाटा केमिकल्स के अनुमान के अनुसार, अधिगृहीत अनुबंधों से पूरी अवधि में 11 करोड़ डॉलर से अधिक का राजस्व मिल सकता है. कंपनी ने कहा कि इनसे 5 लाख मीट्रिक टन से अधिक की मांग सुनिश्चित होने की उम्मीद है.

टाटा केमिकल्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और प्रबंध निदेशक आर. मुकुंदन ने बयान में कहा कि यह सौदा उत्तर अमेरिकी सोडा ऐश बाजार में कंपनी की मौजूदगी और ग्राहक आधार मजबूत करने का रणनीतिक अवसर है. उनके मुताबिक, लंबे समय के ग्राहक संबंधों वाले ये अनुबंध मांग की स्पष्टता बढ़ा सकते हैं और कंपनी की भरोसेमंद आपूर्ति क्षमता को मजबूती दे सकते हैं.

कंपनी ने इसे लाभदायक वृद्धि और हितधारकों के लिए दीर्घकालिक मूल्य सृजन की रणनीति के अनुरूप बताया है. फिलहाल, सौदे के पूरा होने का समय और अन्य शर्तों के बारे में कंपनी की ओर से अतिरिक्त जानकारी नहीं दी गई है.