टाटा स्टील ने पोर्ट टैलबट में बन रही इलेक्ट्रिक आर्क फर्नेस (EAF) परियोजना को समय पर लागू करने में आ रही दिक्कतों पर यूके सरकार के साथ चर्चा की इच्छा जताई है. कंपनी के CEO और प्रबंध निदेशक टी. वी. नरेंद्रन ने कहा कि परियोजना के निर्माण में टाटा स्टील की ओर से देरी नहीं हुई है.

नरेंद्रन ने यह बात ऑल इंडिया मैनेजमेंट एसोसिएशन के 53वें National Management Convention से इतर कही. उन्होंने बताया कि कंपनी यूके सरकार के साथ बातचीत कर रही है ताकि परियोजना से जुड़ी चिंताओं और आगे की कार्रवाई पर चर्चा हो सके.

यह परियोजना पोर्ट टैलबट में 3.2 मिलियन टन क्षमता वाली EAF स्थापित करने से संबंधित है और इसमें 1.25 अरब पाउंड का निवेश प्रस्तावित है. परियोजना को यूके सरकार से 500 मिलियन पाउंड की सहायता भी मिल रही है. कंपनी के अनुसार, इसका लक्ष्य साइट-स्तर पर कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में 90 प्रतिशत, यानी सालाना करीब 50 लाख टन, कमी लाना है.

परियोजना के सामने मुख्य अड़चन बिजली आपूर्ति तक पहुंच को लेकर है. मई 2024 में टाटा स्टील ने Electricity System Operator के साथ कनेक्शन ऑफर पर हस्ताक्षर किए थे. इसके तहत National Grid को EAF चलाने के लिए जरूरी नई विद्युत अवसंरचना तैयार करनी है. पहले यह काम 2027 के अंत तक पूरा होने की बात कही गई थी.

हालांकि, अगस्त में नरेंद्रन ने कहा था कि टाटा स्टील यूके को 3.2 मिलियन टन EAF के लिए बिजली तक पहुंच 2029 तक मिलने की उम्मीद है. कंपनी ने यूके सरकार से अतिरिक्त धन की मांग की है या नहीं, इस सवाल पर नरेंद्रन ने कहा कि इस बारे में स्थिति बताना अभी जल्दबाजी होगी और सरकार के साथ चिंताओं को साझा करने को लेकर बातचीत चल रही है.

उन्होंने यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अब भी चुनौती बनी हुई है, जबकि भारत में स्टील की मांग बढ़ रही है. उनके अनुसार, पिछले छह से आठ सप्ताह में स्टील की कीमतों में सुधार हुआ है, वहीं कोकिंग कोल की कीमतें 50-60 डॉलर प्रति टन बढ़ी हैं.