अरुणाचल प्रदेश के तवांग में 14वां अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मार्ट 29 अक्टूबर से शुरू हो गया. यह आयोजन 31 अक्टूबर तक चलेगा और पूर्वोत्तर भारत की पर्यटन क्षमता को घरेलू तथा अंतरराष्ट्रीय बाजारों के सामने रखने पर केंद्रित है.

केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय, अरुणाचल प्रदेश सरकार और पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों के सहयोग से आयोजित इस मार्ट में 22 देशों के 43 अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के शामिल होने की उम्मीद है. इनके अलावा घरेलू खरीदार, टूर ऑपरेटर, पर्यटन सेवा प्रदाता और आठों पूर्वोत्तर राज्यों के प्रतिनिधि भी हिस्सा ले रहे हैं.

आयोजन के दौरान उत्तर-पूर्व बाजार का उद्घाटन और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे. 30 अक्टूबर को खरीदारों और पर्यटन सेवा प्रदाताओं के बीच बिजनेस-टू-बिजनेस बैठकें प्रस्तावित हैं. इन बैठकों का उद्देश्य पर्यटन उत्पादों की बाजार पहुंच बढ़ाना और कारोबारी साझेदारी विकसित करना है.

मार्ट में लाइव इवेंट और कॉन्सर्ट आधारित पर्यटन, संरक्षित व प्रतिबंधित क्षेत्रों में पर्यटकों की पहुंच और अनुभव आधारित पर्यटन जैसे विषयों पर चर्चा होगी. तवांग 2013 के बाद पहली बार इस आयोजन की मेजबानी कर रहा है. प्रतिनिधियों के लिए तवांग मठ, जसवंतगढ़ युद्ध स्मारक, जंग झरना और अन्य स्थानीय स्थलों के भ्रमण की भी योजना है.