उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में गूलर बाजार के पास मंगलवार सुबह एक यात्री बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी. हादसे में छह लोगों की मौत की सूचना है, जबकि करीब 20 घायल यात्रियों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया है.

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस में लगभग 30 से 35 यात्री सवार थे. बस हरिद्वार से बदरीनाथ-कर्णप्रयाग की दिशा में जा रही थी. दुर्घटना ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर गूलर के पास हुई.

सूचना मिलते ही राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की ब्यासी और ढालवाला पोस्ट से टीमें मौके पर पहुंचीं. पुलिस और SDRF ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया. घायलों को एंबुलेंस के जरिए ऋषिकेश के अस्पतालों और एम्स ऋषिकेश ले जाया गया.

हादसे की गंभीरता को देखते हुए SDRF की अतिरिक्त टीमें भी घटनास्थल पर भेजी गई हैं. अधिकारियों के मुताबिक, खाई में फंसे अन्य लोगों की तलाश और रेस्क्यू अभियान जारी है. हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है.