तेलंगाना हाईकोर्ट ने अदालतों से मिले आदेशों और डिक्री को लागू कराने के लिए पुलिस सुरक्षा देने के मामले में जिला पुलिस अधिकारियों के लिए Standard Operating Procedure (SOP) तैयार करने पर राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) से विचार करने को कहा है. कोर्ट ने कहा कि ऐसी व्यवस्था से डिक्री धारकों को हर बार हाईकोर्ट का रुख करने की जरूरत कम हो सकती है.

मुख्य न्यायाधीश अपरेश कुमार सिंह और न्यायमूर्ति जी.एम. मोहिउद्दीन की पीठ एकल न्यायाधीश के उस आदेश के खिलाफ दायर अपील पर सुनवाई कर रही थी, जिसमें संपत्ति से जुड़े एक मामले में एक दंपति को पुलिस सुरक्षा देने का निर्देश दिया गया था.

संपत्ति विवाद में पुलिस सुरक्षा का मामला

यादाद्रि भुवनगिरी जिले के आत्मकूर मंडल निवासी दंपति ने अलैर के जूनियर सिविल जज की अदालत से अपनी संपत्ति के संबंध में डिक्री हासिल की थी. निचली अदालत ने चाउटुप्पल उपमंडल के पुलिस अधिकारी, जिला पुलिस अधीक्षक और आत्मकूर थाने के स्टेशन हाउस ऑफिसर को डिक्री लागू कराने के लिए पुलिस सुरक्षा देने का निर्देश दिया था.

दंपति का आरोप था कि संबंधित पुलिस अधिकारियों ने उनके अनुरोध पर कार्रवाई नहीं की. इसके बाद उन्होंने हाईकोर्ट का रुख किया. मामले की सुनवाई के बाद एकल न्यायाधीश ने पुलिस को डिक्री लागू कराने में दंपति को सुरक्षा देने का निर्देश दिया.

इस आदेश के खिलाफ निजी प्रतिवादी पीसरी गोपैया ने अपील दायर की. अपील पर सुनवाई के दौरान खंडपीठ ने कहा कि हाईकोर्ट में ऐसे कई मामले सामने आ रहे हैं, जिनमें डिक्री धारकों को निचली अदालत के आदेश लागू कराने के लिए हाईकोर्ट आना पड़ता है. दूसरी ओर, इन आदेशों से प्रभावित पक्ष अपील दायर कर रहे हैं.

तीन सप्ताह में DGP से चर्चा करने को कहा

पीठ ने टिप्पणी की कि यदि यह समस्या पूरे राज्य में व्यापक है, तो सक्षम प्राधिकारी के स्तर पर इस पर ध्यान देने की जरूरत है. कोर्ट ने गृह विभाग के सरकारी वकील को DGP के साथ इस मुद्दे पर विचार-विमर्श करने के लिए तीन सप्ताह का समय दिया.

पीठ ने DGP से इस बात की जांच करने को कहा कि अदालतों के आदेश लागू कराने से जुड़ी ऐसी स्थितियां राज्य में न्याय प्रशासन को किस तरह प्रभावित कर रही हैं और क्या जिला पुलिस अधिकारियों के लिए स्पष्ट SOP बनाई जा सकती है. आदेश में फिलहाल SOP जारी करने का अंतिम निर्देश नहीं दिया गया है, बल्कि इस संबंध में विचार और समीक्षा करने को कहा गया है.

इस बीच, हाईकोर्ट ने यादाद्रि भुवनगिरी के पुलिस अधीक्षक और अन्य संबंधित पुलिस अधिकारियों को दंपति को डिक्री लागू कराने के लिए सुरक्षा देने का निर्देश दिया है.