तेलंगाना के खम्मम-सूर्यापेट हाईवे पर पिल्ललामर्री के पास एक सड़क हादसे में वरिष्ठ न्यूरोसर्जन डॉ. कासाकुर्थी जगदीश की मौत हो गई. हादसा 20 सितंबर 2026 की सुबह करीब 7:15 बजे हुआ. दुर्घटना का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें कार तेज लेन से अचानक बाईं ओर मुड़ती, कई लेन पार करते हुए बाहरी डिवाइडर से टकराती दिखाई देती है. टक्कर के कुछ सेकंड बाद वाहन आग की लपटों में घिर गया.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 50 वर्षीय जगदीश खम्मम के Mamata Hospital से जुड़े थे. वह खम्मम से हैदराबाद जा रहे थे, जहां उन्हें अपने परिवार से मिलना था.
शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि वाहन चलाते समय उन्हें झपकी आ गई होगी. हालांकि, पुलिस ने अभी इसे हादसे का अंतिम कारण नहीं माना है. मामले में केस दर्ज किया गया है और जांच जारी है. फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर चालक के अवशेष और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं.
