तेलंगाना के भद्राद्रि कोठागुडेम जिले में चलती बस से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुईं महिला कंडक्टर गुंडला प्रवलिका की इलाज के दौरान मौत हो गई. 24 वर्षीय प्रवलिका मणुगुरु RTC डिपो से जुड़ी थीं. वह 25 अक्टूबर को मणुगुरु से भद्राचलम जा रही Palle Velugu बस में ड्यूटी पर थीं.
पुलिस के अनुसार, असवारावपेट मंडल के मित्तागुडेम के पास टिकट के खुले पैसे को लेकर प्रवलिका और एक महिला यात्री के बीच विवाद हुआ. आरोप है कि विवाद के दौरान यात्री ने प्रवलिका को चलती बस से धक्का दे दिया. गिरने के बाद वह बस के पिछले पहियों की चपेट में आ गईं और उनके पैरों में गंभीर चोटें आईं.
प्रवलिका को पहले स्थानीय स्तर पर उपचार दिया गया और बाद में बेहतर इलाज के लिए हैदराबाद के Sai Sanjeevani Hospital ले जाया गया. करीब 10 दिन तक उपचार चलने के बाद मंगलवार रात उनकी मौत हो गई.
घटना के बाद RTC कर्मचारियों और यूनियनों ने विरोध जताते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. राज्य सरकार ने परिवार को आर्थिक सहायता, प्रवलिका की मां को नौकरी और आवास देने की घोषणा की है.
