महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण में 69 वर्षीय महिला की जहरीला पदार्थ खाने के बाद मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, शोभा वासुदेव दलवी ने 5 सितंबर को सपाडगांव स्थित अपने घर में पके हुए चावल में चूहे मारने वाली दवा मिलाकर खा ली थी. उस समय उनका बेटा दही हांडी उत्सव के लिए बाहर गया हुआ था.
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, कुछ समय बाद दलवी की तबीयत बिगड़ने लगी. उनके बेटे ने उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें मुंबई के सायन अस्पताल ले जाने की सलाह दी. इलाज के दौरान 9 सितंबर को उनकी मौत हो गई.
पुलिस ने बताया कि दलवी मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रही थीं. बेटे के बयान और अस्पताल की रिपोर्ट के आधार पर खड़कपाड़ा पुलिस ने 18 सितंबर को आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट दर्ज की. बेटे ने किसी आपराधिक गतिविधि का संदेह नहीं जताया है. मामले की पुलिस जांच जारी है.
