महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण तालुका स्थित टिटवाला इलाके में गणपति विसर्जन जुलूस के दौरान दो गुटों के बीच हिंसक झड़प का मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, घटना 19 सितंबर की आधी रात की है.
बताया गया कि जुलूस को आगे ले जाने को लेकर पहले दोनों पक्षों में कहासुनी हुई. इसके बाद विवाद बढ़ गया और दोनों गुटों के लोगों ने एक-दूसरे को धमकाने तथा गाली-गलौज करने के बाद मारपीट शुरू कर दी.
दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों गुटों के 40 से ज्यादा लोगों के खिलाफ नामजद और अज्ञात आरोपियों के तौर पर FIR दर्ज की है. मामले में स्थानीय नेताओं और कुछ लोकप्रिय स्थानीय चेहरों के नाम भी शामिल होने की बात पुलिस की ओर से कही गई है.
मामले में मारपीट, उपद्रव और शांति भंग करने से संबंधित धाराएं लगाई गई हैं. पुलिस ने जुलूस के दौरान बिना पूर्व अनुमति तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजाने से जुड़े नियमों के उल्लंघन को भी FIR में शामिल किया है.
घटना के बाद इलाके में यातायात काफी देर तक प्रभावित रहा. सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है.
