नानी की फिल्म ‘द पैराडाइज’ रिलीज के दूसरे दिन वर्ल्डवाइड 100 करोड़ रुपये के आंकड़े के करीब पहुंच गई. ट्रेड ट्रैकर Sacnilk के मुताबिक, फिल्म ने दूसरे दिन तक दुनियाभर में 98.50 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है. इसमें भारत से 72.50 करोड़ रुपये और विदेशी बाजारों से 26 करोड़ रुपये शामिल हैं.

भारत में फिल्म का नेट कलेक्शन 61.15 करोड़ रुपये रहा. यह आंकड़ा 17,681 शो से हासिल हुआ. फिल्म ने पेड प्रीव्यू के साथ बुधवार को कारोबार शुरू किया था. उस दिन 900 शो में इसकी ऑक्यूपेंसी 79 प्रतिशत रही और नेट कलेक्शन 11.60 करोड़ रुपये दर्ज किया गया.

गुरुवार को फिल्म का आधिकारिक ओपनिंग डे था. 9,732 शो में इसे 49.3 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी मिली और भारत में नेट कलेक्शन 34.65 करोड़ रुपये रहा. इसका ग्रॉस कलेक्शन 40.95 करोड़ रुपये बताया गया. शुक्रवार को कलेक्शन घटकर 14.90 करोड़ रुपये नेट रह गया और ऑक्यूपेंसी 32.8 प्रतिशत पर आ गई. इस दिन फिल्म के 7,049 शो हुए.

तेलुगु राज्यों से सबसे बड़ा योगदान

फिल्म के भारत में कारोबार का मुख्य आधार आंध्र प्रदेश और तेलंगाना रहे. दोनों राज्यों से शुरुआती तीन दिनों में 56.25 करोड़ रुपये की कमाई हुई, जो भारत के 72.50 करोड़ रुपये के ग्रॉस कलेक्शन का 77 प्रतिशत से अधिक है. बुधवार के पेड प्रीव्यू में इन राज्यों से 11 करोड़ रुपये, गुरुवार को 31.50 करोड़ रुपये और शुक्रवार को 13.75 करोड़ रुपये मिले.

कर्नाटक 7.35 करोड़ रुपये के साथ दूसरा सबसे बड़ा बाजार रहा. तमिलनाडु से 3 करोड़, केरल से 0.57 करोड़ और बाकी भारत से 5.33 करोड़ रुपये की कमाई हुई.

‘द पैराडाइज’ नानी के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग वाली फिल्म बन गई है. पेड प्रीव्यू समेत इसका पहले दिन का वर्ल्डवाइड ग्रॉस 74.90 करोड़ रुपये रहा, जो ‘HIT: The Third Case’ के करीब 38 करोड़ और ‘Dasara’ के लगभग 36.25 करोड़ रुपये के शुरुआती कारोबार से काफी अधिक है.

फिल्म को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड से A सर्टिफिकेट मिला है. इसका निर्देशन श्रीकांत ओडेला ने किया है. यह ‘Dasara’ के बाद नानी और ओडेला की दूसरी साझेदारी है. फिल्म में मोहनलाल, सोनाली बेंद्रे और संपत राज भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं. संगीत अनिरुद्ध रविचंदर ने दिया है.