टाइगर श्रॉफ पर 18 अक्टूबर को हुई गोलीबारी के मामले में जांच के दौरान आरोपियों के भागने की योजना का पता चला है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, तीन मुख्य आरोपियों ने गुजरात के सूरत से बस के जरिए दिल्ली जाने और वहां से नेपाल सीमा पार करने की योजना बनाई थी.
रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी बस स्टैंड पहुंचे, लेकिन बस छूट चुकी थी. इसके बाद कथित तौर पर उन्होंने सूरत रेलवे स्टेशन से पुणे-जयपुर एक्सप्रेस पकड़ी. ट्रेन में चढ़ने से पहले उन्होंने गोलीबारी में इस्तेमाल किए गए दो हथियार और कारतूस सूरत बस स्टैंड के पास खुले इलाके में छिपा दिए थे.
जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपियों को जयपुर से पहले ट्रेन से उतरकर सड़क मार्ग से दिल्ली जाने का निर्देश दिया गया था. पुलिस ने बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन की CCTV फुटेज से उनकी गतिविधियों को ट्रैक किया. तीनों आरोपियों को 19 अक्टूबर को राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार किया गया.
18 अक्टूबर की शाम फुटबॉल खेलने के बाद लौटते समय श्रॉफ की BMW पर गोलियां चलाई गई थीं. अभिनेता सुरक्षित रहे, जबकि उनके ड्राइवर और एक राहगीर घायल हुए. मामले में अब तक 11 लोगों की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई है.
