मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग की जांच में पुलिस के अनुसार अनिल पंडित का नाम सामने आया है. जांच एजेंसियों का दावा है कि हमलावरों को कथित तौर पर पंडित ने भेजा था और हमले के बाद उसने सोशल मीडिया तथा ऑडियो संदेश के जरिए इसकी जिम्मेदारी लेने का दावा किया. इन दावों की जांच जारी है.
घटना के बाद तीन संदिग्धों को राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन से पुणे-जयपुर एक्सप्रेस के जनरल कोच से हिरासत में लिया गया था. पुलिस के मुताबिक, इनमें एक नाबालिग भी शामिल है. तीनों के जयपुर के रास्ते दिल्ली भागने की कोशिश करने की आशंका जताई गई थी.
पानीपत के गांव से दुबई और अमेरिका तक का कनेक्शन
अनिल पंडित हरियाणा के पानीपत जिले के रेर कलां गांव का रहने वाला बताया गया है. गांव के पूर्व सरपंच शीशपाल सिंह के अनुसार, पंडित और उसका परिवार करीब 10 साल से गांव नहीं आया है. उनके मुताबिक, अनिल के पिता कृष्णलाल गांव में पंडित का काम करते थे. परिवार में अनिल के अलावा उसका छोटा भाई अभिषेक और बहन पायल हैं.
जानकारी के अनुसार, कृष्णलाल ने 540 गज का प्लॉट छोड़कर अधिकांश संपत्ति बेच दी थी. परिवार पहले असंद और बाद में करनाल में रहने लगा. रिपोर्ट के मुताबिक, अनिल से जुड़े मामलों के सिलसिले में उसके माता-पिता को भी पुलिस ने पकड़ा था. मां प्रवेश को करीब एक महीने पहले जमानत मिली, जबकि पिता के जेल में होने की बात कही गई है.
पानीपत सदर थाना प्रभारी गुलशन और ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, अनिल का संपर्क जींद निवासी गैंगस्टर रणदीप सिंह उर्फ रणदीप मलिक से था. दावा है कि वह 2022 में दुबई गया और 2024 में डंकी रूट से अमेरिका पहुंचा. पुलिस के अनुसार, विदेश जाने से पहले उसके खिलाफ भारत में कोई मामला दर्ज नहीं था. अमेरिका पहुंचने के बाद उसके लॉरेंस गैंग से जुड़ने का शक जताया गया.
धमकियों और रंगदारी के आरोपों की जांच
पुलिस के अनुसार, अनिल और रणदीप मलिक पर रेर कलां के सरपंच हरदीप सिंह को विदेश से धमकी देने का आरोप है. 30 नवंबर 2025 को दी गई कथित धमकी के बाद सरपंच को तीन-चार और धमकियां मिलने की बात कही गई है. इस मामले में पानीपत सदर थाने में रणदीप मलिक के खिलाफ जांच चल रही है.
पुलिस को शक है कि अनिल अमेरिका के कैलिफोर्निया से भारत में मौजूद लोगों के जरिए कथित रंगदारी और हमलों का नेटवर्क संचालित करने में भूमिका निभा रहा है. हरियाणा में उसके खिलाफ रंगदारी के 12 से अधिक मामलों में वांछित होने की जानकारी सामने आई है, हालांकि पानीपत पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है.
टाइगर श्रॉफ मामले के बाद सामने आए ऑडियो में अनिल ने खुद को लॉरेंस का छोटा भाई बताया और हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया. ऑडियो में सलमान खान और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों को धमकी देने की बात भी कही गई. पुलिस इस ऑडियो और हमले के बीच संबंधों की जांच कर रही है.
