पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में शुक्रवार देर रात एक मकान में आग लगने और एलपीजी सिलिंडर फटने की घटना में 64 वर्षीय यूट्यूबर विजय कुमार की मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, घटना के बाद मृतक के परिचितों से मिली जानकारी के आधार पर इसे आत्महत्या के मामले के तौर पर जांचा जा रहा है.

पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी. स्वामी के मुताबिक, पुलिस को रात करीब 3:26 बजे तिलक नगर के ओल्ड शाहपुरा इलाके में आग लगने की सूचना मिली थी. तिलक नगर थाना पुलिस के साथ दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. हालांकि, पड़ोसियों ने तब तक आग पर काबू पा लिया था. तलाशी के दौरान कमरे से एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ.

पुलिस के अनुसार, सुभाष नगर निवासी प्रकाश चौहान ने शव की पहचान विजय कुमार के रूप में की. अधिकारी ने बताया कि विजय पिछले करीब पांच वर्षों से शाहपुरा इलाके में किराये के मकान में रह रहे थे और तलाकशुदा थे. वह यूट्यूब पर गानों से जुड़े व्लॉग बनाकर अपलोड करते थे.

अंतिम संदेश की जांच

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना से पहले विजय ने अपने परिचितों को व्हाट्सऐप पर एक संदेश भेजा था. उन्होंने यूट्यूब पर एक वीडियो भी अपलोड किया था, जिसमें इसे अपना आखिरी वीडियो बताया गया था. पुलिस के अनुसार, संदेश में उन्होंने अपनी बेटी का जिक्र किया और उससे मुलाकात न हो पाने की बात कही थी.

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया है. क्राइम टीम और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस ने बताया कि मृतक का मोबाइल अभी बरामद नहीं हुआ है और यह भी स्पष्ट नहीं है कि व्हाट्सऐप संदेश किन लोगों को भेजे गए थे. परिजनों और परिचितों से पूछताछ जारी है.