पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर में आम आदमी पार्टी नेता अरविंद केजरीवाल के दौरे के दौरान सादे कपड़ों में तैनात दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है. पुलिसकर्मी मोबाइल फोन से दौरे की रिकॉर्डिंग कर रहे थे.
घटना सोमवार को हुई. सामने आए वीडियो में कुछ लोग जींस और शर्ट पहने हेड कांस्टेबल को घेरते, धक्का देते और उन्हें आगे बढ़ने से रोकते दिखाई दे रहे हैं. वर्दी पहने अन्य पुलिसकर्मियों ने भीड़ के बीच से अपने सहयोगी को बाहर निकाला.
पुलिस के अनुसार, हेड कांस्टेबल की चोटों की जांच कराई गई है. ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी के साथ मारपीट के आरोप में FIR दर्ज करने पर भी विचार किया जा रहा है.
केजरीवाल तिलक नगर में सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाने पहुंचे थे. उनके साथ AAP सांसद संजय सिंह, स्थानीय विधायक जरनैल सिंह और अन्य पार्टी नेता मौजूद थे. केजरीवाल ने दावा किया कि सड़क कुछ दिन पहले बनी थी, लेकिन हाथ से ही उखड़ रही थी.
