तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नाम और चुनाव चिह्न से जुड़े विवाद पर सुप्रीम कोर्ट में गुरुवार को सुनवाई होगी. पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और TMC प्रमुख ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग के उस फैसले को चुनौती दी है, जिसमें पार्टी के ‘जोड़ा फूल’ चुनाव चिह्न और मूल नाम को फ्रीज किया गया था.

मामले की सुनवाई भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली विशेष पीठ करेगी. पीठ में जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना भी शामिल हैं.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कुछ दिन पहले वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने ममता बनर्जी की ओर से मुख्य न्यायाधीश के समक्ष जल्द सुनवाई की मांग रखी थी. सिब्बल ने दलील दी थी कि चुनावी प्रक्रिया के बीच पार्टी का नाम और चुनाव चिह्न फ्रीज करना उचित नहीं है.

दोनों गुटों को नए नाम और प्रतीक

चुनाव आयोग के फैसले के बाद ममता बनर्जी के गुट को ‘ममता TMC’ नाम और ‘फुटबॉल खेलता खिलाड़ी’ चुनाव चिह्न दिया गया है. बागी गुट को ‘डेमोक्रेटिक TMC’ नाम और ‘लिफाफा’ चुनाव चिह्न आवंटित किया गया है.

इस समय नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर उपचुनाव चल रहे हैं. दोनों गुट इन्हीं नए नामों और प्रतीकों के साथ प्रचार कर रहे हैं. सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई में अदालत चुनाव आयोग के आदेश पर क्या रुख अपनाती है, इस पर नजर रहेगी.