केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री और बिलासपुर से सांसद तोखन साहू 2 से 6 नवंबर 2026 तक स्पेन के आधिकारिक दौरे पर रहेंगे. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, वे बार्सिलोना और मैड्रिड में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे. दौरे का फोकस आवास और शहरी विकास के भारतीय अनुभव साझा करने तथा स्पेन की शहरी योजनाओं और प्रबंधन मॉडल का अध्ययन करने पर रहेगा.

बार्सिलोना में स्मार्ट सिटी एक्सपो

तोखन साहू 3 नवंबर को बार्सिलोना में Smart City Expo World Congress 2026 में शामिल होंगे और इंडिया पवेलियन का उद्घाटन करेंगे. उनके नेतृत्व में भारत के विभिन्न राज्यों के 20 वरिष्ठ अधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल सम्मेलन में भाग लेगा. प्रतिनिधिमंडल में छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सोनमणि बोरा के शामिल होने की भी जानकारी दी गई है.

सम्मेलन में साहू ‘Housing for All: Building Inclusive and Sustainable Futures’ विषय पर आयोजित सत्र में भारत के किफायती और समावेशी आवास कार्यक्रमों पर बात करेंगे. इसमें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बड़े पैमाने पर आवास निर्माण, वित्तीय नवाचार और जनभागीदारी से जुड़े अनुभवों को साझा किया जाना प्रस्तावित है. वे सार्वजनिक स्थलों के पुनर्विकास, शासन और रोजमर्रा के शहरी जीवन से जुड़े एक अन्य सत्र में भी भाग लेंगे.

बार्सिलोना में वे कैटेलोनिया की आवास एवं पारिस्थितिक संक्रमण मंत्री सिल्विया पानेके समेत संबंधित संस्थाओं के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे. बैठकों में आवास नीति, सार्वजनिक आवास, भूमि विकास, परिवहन और नागरिक सुविधाओं पर चर्चा प्रस्तावित है. 22@ Innovation District समेत शहरी पुनर्विकास से जुड़ी पहलों का अवलोकन भी कार्यक्रम में शामिल है.

मैड्रिड में पुनर्विकास परियोजनाओं का अवलोकन

4 से 6 नवंबर के बीच मैड्रिड में साहू Madrid Río, Madrid Nuevo Norte और Transit-Oriented Development परियोजनाओं का जायजा लेंगे. Plaza de España के Mobility Hub का अवलोकन भी प्रस्तावित है. इसके अलावा स्पेन के आवास एवं शहरी एजेंडा मंत्रालय तथा आवास, निर्माण और शहरी बुनियादी ढांचे से जुड़ी संस्थाओं और कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें होंगी.

इन बैठकों में निवेश, तकनीकी सहयोग, टिकाऊ निर्माण, सार्वजनिक परिवहन और शहरी अधोसंरचना पर विचार-विमर्श किया जाना है. दौरे से भारत-स्पेन के बीच शहरी विकास, निर्माण, तकनीक और संस्थागत सहयोग की संभावनाओं को आगे बढ़ाने की उम्मीद जताई गई है.