बैरियर-फ्री टोल प्लाजा पर शुल्क से बचने के लिए नंबर प्लेट छिपाना या उसमें छेड़छाड़ करना अब महंगा पड़ सकता है. सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने ऐसे मामलों में लागू टोल की पांच गुना राशि का जुर्माना प्रस्तावित किया है. यह जुर्माना मूल टोल के अतिरिक्त वसूला जाएगा.
इसका मतलब है कि ₹100 का टोल जानबूझकर नहीं चुकाने पर वाहन चालक को ₹500 जुर्माना और ₹100 मूल टोल, यानी कुल ₹600 देने पड़ सकते हैं. जानबूझकर FASTag नहीं लगाने या उसे इस तरह इस्तेमाल करने पर भी कार्रवाई का प्रावधान है.
किन मामलों में लागू होगा दंड
यह प्रावधान तब लागू होगा जब टोल चोरी की मंशा स्थापित हो. इसमें आगे या पीछे की नंबर प्लेट, अथवा दोनों प्लेटों को ढकने या उनके साथ छेड़छाड़ करने के ऐसे मामले शामिल हैं, जिनमें FASTag भी पढ़ा न जा सके. यह नियम मौजूदा और भविष्य के Multi-Lane Free Flow टोल प्लाजा पर लागू करने का प्रस्ताव है.
इन प्लाजा पर FASTag रीडर और Automatic Number Plate Recognition कैमरे वाहनों की पहचान करते हैं. नंबर प्लेट और FASTag दोनों नहीं पढ़े जाने पर NHAI AI आधारित Vehicle Fingerprinting और VAHAN डेटाबेस की मदद से वाहन तथा उसके पंजीकृत मालिक का पता लगाने की प्रक्रिया अपना रहा है.
FASTag में पर्याप्त बैलेंस न होने से हुआ असफल लेनदेन अपने-आप में जानबूझकर टोल चोरी नहीं माना जाएगा. ऐसे मामलों में e-notice मिलने के 72 घंटे के भीतर मूल टोल चुकाने पर अतिरिक्त दंड नहीं लगेगा; इसके बाद राशि दोगुनी हो सकती है.
