बेगूसराय के गढ़हारा गांव निवासी धनंजय कुमार छठ पर्व मनाने के लिए बेंगलुरु से अपने गांव पहुंचे. ट्रेन में टिकट नहीं मिलने और फ्लाइट का किराया बढ़ने के बाद उन्होंने करीब 26 लाख रुपये की नई Tata Safari खरीदी और परिवार के साथ सड़क मार्ग से बिहार आने का फैसला किया.

धनंजय के मुताबिक, वह तीन साल से छठ पर घर नहीं आ पाए थे. उन्होंने करीब दो महीने तक ट्रेन टिकट लेने की कोशिश की, लेकिन टिकट नहीं मिला. शुरुआत में बेंगलुरु से पटना की फ्लाइट का किराया 17,500 रुपये था, जो बाद में बढ़कर करीब 25,000 रुपये हो गया. इसके बाद उन्होंने कार खरीदने का निर्णय लिया.

धनंजय ने बताया कि कार की डिलीवरी यात्रा से करीब 10 दिन पहले मिल गई थी. 4 नवंबर को वह पत्नी ज्योति कुमारी, बच्चों कुमार दश और ध्रुव तथा दोस्त हिमांशु के साथ बेंगलुरु से रवाना हुए और 8 नवंबर को गांव पहुंच गए. यात्रा के दौरान करीब 13,000 रुपये का डीजल लगा, जबकि होटल, भोजन और घूमने समेत अन्य खर्च करीब 26,000 रुपये रहा.

रास्ते में प्रयागराज और वाराणसी में रुके

परिवार ने यात्रा को केवल घर पहुंचने तक सीमित नहीं रखा. रास्ते में वे रीवा में रुके, प्रयागराज के संगम में स्नान किया और वाराणसी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए. खराब सड़क, निर्माण कार्य और मध्य प्रदेश में सड़क पर आए मवेशियों के कारण कुछ जगह सावधानी बरतनी पड़ी.

धनंजय ने कहा कि छोटे बेटे की तबीयत थोड़ी खराब हुई, लेकिन सफर का अनुभव अच्छा रहा. बच्चों के लिए कार में गेम और मनोरंजन की व्यवस्था की गई थी. वापसी में वह कोलकाता और जगन्नाथ पुरी होते हुए बेंगलुरु जाने की योजना बना रहे हैं, हालांकि तारीख तय नहीं है.