ईरान की ओर से अमेरिका के सामने रखा गया सात दिन का प्रस्ताव अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्वीकार नहीं किया है. इस प्रस्ताव में ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खोलने और परमाणु मुद्दे पर बातचीत फिर शुरू करने की पेशकश की थी. इसके बदले तेहरान ने अमेरिका से तीन कदम उठाने को कहा था.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह प्रस्ताव कतर के जरिए अमेरिका तक पहुंचाया गया था. ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा था कि अमेरिका की मंजूरी मिलते ही सात दिन की समयसीमा शुरू हो जाएगी और जरूरी तैयारियां पहले से पूरी हैं.

ईरान की तीन मांगें

प्रस्ताव के तहत ईरान ने अपने बंदरगाहों पर लगी अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी हटाने, ईरानी तेल की बिक्री पर लगे प्रतिबंधों में छूट देने और लेबनान को शामिल करते हुए युद्धविराम लागू करने की मांग की थी. अराघची के मुताबिक, अमेरिका इन कदमों को चार से पांच दिन में पूरा कर सकता था. इसके बाद छठे दिन होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने और सातवें दिन परमाणु वार्ता दोबारा शुरू करने की बात थी.

अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से सामने आई जानकारी के मुताबिक, ट्रंप को आशंका है कि ईरान उनकी मांगों को पूरा नहीं करेगा. इसी वजह से उन्होंने सहयोगियों से कहा है कि नवंबर में होने वाले अमेरिकी मिडटर्म चुनाव के बाद ईरान पर दोबारा बमबारी शुरू हो सकती है. हालांकि, इस संभावित कार्रवाई का स्तर स्पष्ट नहीं बताया गया है.

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि ट्रंप बड़े सैन्य अभियान को लेकर पूरी तरह तैयार नहीं दिख रहे हैं. इसकी एक वजह अमेरिका के हथियार भंडार पर दबाव और उन्हें दूसरी संभावित जरूरतों के लिए बचाकर रखने की इच्छा बताई गई है.

अराघची ने कहा था कि अब फैसला अमेरिका को करना है और ईरान दबाव या धमकी के आगे अपने संप्रभु अधिकारों से पीछे नहीं हटेगा. ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजश्कियान ने बातचीत के जरिए विवाद सुलझाने के समर्थन के लिए चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग का आभार जताया है.