नगालैंड के तुएनसांग जिले में पिछले तीन दिनों के दौरान संदिग्ध जहरीली शराब पीने के बाद नौ लोगों की मौत हो गई. मृतकों में एक ही परिवार के तीन सदस्य शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक, तुएनसांग शहर और चेंदांग सैडल गांव में 10 और 11 सितंबर को मौतों के मामले सामने आए.

पुलिस ने बताया कि शराब पीने के बाद कुछ लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई. कई लोगों को धुंधला दिखाई देना, तेज सिरदर्द, चक्कर, जी मिचलाना और उल्टी जैसी शिकायतें भी हुईं. परिजनों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

अस्पताल में मौतों का पैटर्न सामने आने पर जांच

तुएनसांग सिविल अस्पताल में भर्ती मरीजों की मौतों का पैटर्न सामने आने के बाद शनिवार को पुलिस ने जांच शुरू की. पुलिस के शुरुआती आकलन के अनुसार, मृतकों की तबीयत बिगड़ने और शराब पीने के बीच सीधा संबंध है. हालांकि, संदिग्ध शराब की वास्तविक प्रकृति और उसके स्रोत का पता लगाने के लिए जांच जारी है.

घटना की जानकारी मिलने के बाद तुएनसांग पुलिस ने शहर और चेंदांग सैडल इलाके में तलाशी और छापेमारी की. इस कार्रवाई में शराब के पाउच, करीब 470 बोतल IMFL यानी इंडियन मेड फॉरेन लिकर और बीयर के कैन जब्त किए गए.

पुलिस के अनुसार, शराब बेचने वाले परिवार के एक सदस्य ने घटना के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. उसकी मौत के कारणों की अलग से जांच की जा रही है.

राज्य पुलिस ने रेड अलर्ट जारी कर लोगों से अनजान या अनधिकृत स्रोतों से मिली शराब नहीं पीने की अपील की है. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि संदिग्ध शराब तुएनसांग तक कहां से पहुंची.

नगालैंड में Nagaland Liquor Total Prohibition Act, 1989 के तहत शराब रखना, बेचना, पीना और बनाना प्रतिबंधित है.