नई दिल्ली: भारतीय नाविकों को ले जा रहे दो वाणिज्यिक जहाजों को अलग-अलग घटनाओं में निशाना बनाए जाने की जानकारी सामने आई है. केंद्रीय जहाजरानी मंत्री सरबानंद सोनोवाल के अनुसार, दोनों जहाजों पर सवार कुल 24 भारतीय नागरिक सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने या मारे जाने की सूचना नहीं है.
मंत्री के मुताबिक, 16 अक्टूबर को कच्चा तेल ले जा रहे टैंकर MT ST 3 को होरमुज जलडमरूमध्य में एक प्रोजेक्टाइल से निशाना बनाया गया. इस जहाज पर 15 भारतीय नाविक सवार थे.
दूसरी घटना 14 अक्टूबर की है. रासायनिक टैंकर YARA J को रोमानिया के Sulina Anchorage के पास ड्रोन से निशाना बनाए जाने की बात कही गई है. इस जहाज पर नौ भारतीय नाविक सवार थे.
सोनोवाल ने कहा कि सरकार दोनों घटनाक्रमों पर नजर रख रही है और चालक दल की सुरक्षा तथा कल्याण सुनिश्चित करने के लिए जहाज प्रबंधन कंपनियों के लगातार संपर्क में है.
वाणिज्यिक जहाजों की सुरक्षा पर भारत की चिंता
भारत पहले भी होरमुज जलडमरूमध्य और काला सागर क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों पर हमलों को लेकर चिंता जता चुका है. विदेश मंत्रालय ने 11 अक्टूबर को होरमुज में हुई घटनाओं की निंदा करते हुए कहा था कि ऐसे हमले पहले से तनावपूर्ण स्थिति को और बिगाड़ सकते हैं.
मंत्रालय के अनुसार, MT PETRO DOLPHIN पर ड्रोन हमले के बाद नौ भारतीय नाविकों को बचाया गया था, जबकि दो नाविकों के लापता होने की सूचना थी. एक अन्य टैंकर MT VALTHERA पर अज्ञात प्रोजेक्टाइल लगने से आग लगी थी, लेकिन उस पर सवार सभी 11 भारतीय नाविक सुरक्षित बताए गए थे.
भारत ने वाणिज्यिक जहाजों, नाविकों और नागरिक बुनियादी ढांचे पर हमले रोकने, तनाव कम करने तथा अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों में नौवहन और समुद्री व्यापार की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने की अपील की है.
