UAE जाने वाले भारतीय नागरिकों को पर्याप्त और उपयुक्त मेडिकल इंश्योरेंस लेने की सलाह दी गई है. अबू धाबी स्थित भारतीय दूतावास तथा दुबई और उत्तरी अमीरात में भारतीय वाणिज्य दूतावास ने यह सलाह जारी की है.
विजिट या पर्यटन के लिए UAE जाने वाले यात्रियों से कहा गया है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले ऐसी बीमा पॉलिसी लें, जिसमें मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में कैशलेस इलाज की सुविधा शामिल हो. पॉलिसी में जरूरत पड़ने पर मरीज को भारत वापस भेजने यानी मेडिकल रिपैट्रिएशन का खर्च भी कवर होना चाहिए.
भारतीय मिशनों ने कहा कि उन्हें ऐसे कई मामलों की जानकारी मिली है, जिनमें अचानक बीमारी या मेडिकल इमरजेंसी के बाद मरीजों और उनके परिवारों पर भारी अस्पताल खर्च का बोझ पड़ा. अपर्याप्त बीमा कवरेज के कारण इन खर्चों को वहन करना मुश्किल हुआ.
UAE में रोजगार वीजा पर रह रहे भारतीयों और आश्रितों से भी अपनी मौजूदा मेडिकल पॉलिसी की समीक्षा करने को कहा गया है. उन्हें यह सुनिश्चित करने की सलाह दी गई है कि बीमा UAE में होने वाले चिकित्सा खर्च और भारत वापसी के लिए आवश्यक मेडिकल रिपैट्रिएशन, दोनों को पर्याप्त रूप से कवर करता हो.
