चीन की रोबोटिक्स कंपनी UBTECH Robotics ने लिउझोउ, गुआंग्शी झुआंग स्वायत्त क्षेत्र में ह्यूमनॉइड रोबोट बनाने के लिए नई फैक्ट्री शुरू की है. कंपनी के मुताबिक, इस सुविधा में करीब हर 10 मिनट में एक नया रोबोट तैयार किया जा सकता है. यह दर लगभग छह रोबोट प्रति घंटे के बराबर है.
करीब 14,000 वर्ग मीटर में फैली इस फैक्ट्री में UBTECH की Walker S और Cruzr सीरीज के औद्योगिक ह्यूमनॉइड रोबोट बनाए जा रहे हैं. कंपनी ने इसकी सालाना उत्पादन क्षमता 10,000 रोबोट बताई है. फैक्ट्री को UBTECH ने Siemens Digital Industries Software के साथ मिलकर तैयार किया है.
रोबोट निर्माण में रोबोट की भूमिका
फैक्ट्री के संचालन के लिए कंपनी का ‘Smart Brain’ सिस्टम इस्तेमाल होता है. UBTECH के अनुसार, यह सिस्टम उत्पादन में जरूरी काम तय करने, पार्ट्स की आवाजाही और गुणवत्ता जांच को संभालने में मदद करता है. निर्माण प्रक्रिया में रोबोट खुद पार्ट्स को संभालते हैं और दूसरे रोबोट तैयार करने वाले कामों में योगदान देते हैं.
Cruzr Y1 और Cruzr S2 रोबोट्स का इस्तेमाल सामग्री को उतारने, रखने और उत्पादन लाइन तक पहुंचाने के लिए किया जाता है. कंपनी के मुताबिक, ये रोबोट उन पार्ट्स को बनाने में भी मदद करते हैं, जिनसे नए रोबोट तैयार होते हैं.
अंतिम जांच के बाद ही बाहर निकलते हैं रोबोट
निर्माण पूरा होने के बाद हर रोबोट को एक यूनिक सीरियल नंबर दिया जाता है. इससे उसके निर्माण की पूरी प्रक्रिया को बाद में ट्रैक और जांचा जा सकता है.
कंपनी के अनुसार, तैयार रोबोट्स पर चार घंटे की टेस्टिंग की जाती है. इसके बाद 360 डिग्री विजुअल इंस्पेक्शन में उनके अलग-अलग हिस्सों की जांच होती है. इन परीक्षणों के पूरा होने के बाद ही रोबोट को फैक्ट्री से बाहर भेजा जाता है.
