उदयपुर के ट्रेजर टाउन क्षेत्र में एक करीब 10 फीट लंबा अजगर कार के बोनट और इंजन के अंदर घुस गया. घटना के बाद कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई और लोग कार से दूरी बनाकर खड़े हो गए. बाद में स्नेक कैचर राजेंद्र श्रीमाली ने अपनी टीम के साथ अजगर को सुरक्षित बाहर निकाला.

यह घटना 25 सितंबर की रात की बताई गई है. कॉलोनी निवासी ऋतु साहित्या के अनुसार, कुछ लोग सड़क और परिसर में टहल रहे थे. इसी दौरान उनकी नजर एक कार के पास रेंग रहे बड़े अजगर पर पड़ी. लोगों के देखते ही अजगर कार के निचले हिस्से की ओर बढ़ा और इंजन के रास्ते बोनट के अंदर चला गया.

अजगर के कार में घुसने के बाद मौके पर लोगों और बच्चों में डर का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों ने खुद उसे निकालने की कोशिश नहीं की और स्नेक कैचर राजेंद्र श्रीमाली को सूचना दी. जानकारी मिलने पर वह अपनी टीम और रेस्क्यू उपकरणों के साथ ट्रेजर टाउन पहुंचे.

सावधानी से किया गया रेस्क्यू

स्नेक कैचर ने कार का बोनट खोलकर इंजन के आसपास अजगर की तलाश शुरू की. कार के अंदर सीमित जगह होने के कारण रेस्क्यू प्रक्रिया सावधानी से की गई. कड़ी मशक्कत के बाद अजगर को बिना नुकसान पहुंचाए बाहर निकाल लिया गया और सुरक्षित बैग में रखा गया.

रेस्क्यू के बाद अजगर को आबादी वाले क्षेत्र से दूर ले जाकर जंगल में छोड़ दिया गया. उसके सुरक्षित बाहर निकलने के बाद कॉलोनी के लोगों ने राहत की सांस ली. स्थानीय लोगों ने समय पर पहुंचकर रेस्क्यू करने के लिए राजेंद्र श्रीमाली और उनकी टीम का आभार जताया.