केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने UDAN योजना के अगले चरण की शुरुआत की है. इस चरण का उद्देश्य उन क्षेत्रों में हवाई संपर्क बढ़ाना है, जहां हवाई सेवा सीमित है या अभी उपलब्ध नहीं है.

कार्यक्रम के दौरान केंद्र सरकार ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ 21 समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर किए. इस पहल में 20 से अधिक राज्य मिलकर काम करेंगे.

नागरिक उड्डयन मंत्रालय के मुताबिक, योजना के तहत अगले 10 वर्षों में 120 नए गंतव्यों को हवाई नेटवर्क से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है. इसके अलावा 4 करोड़ अतिरिक्त यात्रियों को हवाई सेवा उपलब्ध कराने की योजना है.

एयरस्ट्रिप और हेलीपैड के विकास के लिए पोर्टल

कार्यक्रम में एयरड्रोम डेवलपमेंट के लिए चैलेंज मोड पोर्टल भी लॉन्च किया गया. इसके जरिए राज्य और केंद्र शासित प्रदेश अपनी एयरस्ट्रिप और हेलीपैड को विकास के लिए प्रस्तावित कर सकेंगे.

सरकार के अनुसार, पोर्टल का इस्तेमाल उन स्थानों की पहचान और विकास प्रक्रिया में किया जाएगा, जहां बेहतर हवाई संपर्क की जरूरत है. इससे क्षेत्रीय हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए राज्यों की भागीदारी को औपचारिक मंच मिलेगा.

इसके साथ ही UDAN रूट बिडिंग के अगले चरण से संबंधित स्कीम डॉक्यूमेंट भी जारी किया गया. इसके आधार पर आगे के रूट और सेवा विस्तार की प्रक्रिया संचालित की जाएगी.

UDAN योजना के नए चरण में घोषित लक्ष्य अगले दशक में क्षेत्रीय हवाई संपर्क के विस्तार और अतिरिक्त यात्रियों को विमानन नेटवर्क से जोड़ने पर केंद्रित हैं.