गरियाबंद और धमतरी जिलों की सीमा से लगे उदंती-सीतानदी क्षेत्र में विस्थापन की आशंका के विरोध में 128 गांवों और पारा-टोलों के ग्रामीणों ने मोंगराडीह में जनसभा की. बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि उन्हें अपनी पुरखों की जमीन से विस्थापन मंजूर नहीं है. उनकी मांग है कि क्षेत्र में सड़क, पानी और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं का विकास किया जाए.

राजापड़ाव क्षेत्र में हुई यह बैठक ‘जल जंगल जमीन बचाओ संघर्ष समिति सीतानदी उदंती क्षेत्र’ के बैनर तले आयोजित की गई. बैठक में ग्रामीणों ने क्षेत्र में लागू नाइट कर्फ्यू हटाने और वन ग्रामों के किसानों को स्थायी भूमि स्वामी हक देने की मांग भी रखी.

संघर्ष समिति के अध्यक्ष सिरधन सोम ने कहा कि क्षेत्र संविधान की पांचवीं अनुसूची के तहत संरक्षित है और जल, जंगल तथा जमीन पर स्थानीय मूल निवासियों का अधिकार है. उनके अनुसार, ग्रामीणों की लड़ाई शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से जारी रहेगी.

जिला पंचायत सदस्य लोकेश्वरी नेताम ने कहा कि 128 गांवों और पारा-टोलों के भविष्य पर विस्थापन का खतरा है. उन्होंने ग्रामीणों से जाति, वर्ग और राजनीति से ऊपर उठकर एकजुट रहने की अपील की. समिति के संरक्षक दैनिक राम मंडावी ने संगठन को मजबूत करने के लिए हर गांव से एक युवा, एक बुजुर्ग और एक शिक्षित महिला को जोड़ने की बात कही.

बैठक में 17 अक्टूबर को राजापड़ाव क्षेत्र के ग्राम कोकड़ी में महा ग्रामसभा आयोजित करने का निर्णय लिया गया. इसमें कांकेर और महासमुंद लोकसभा क्षेत्रों के सांसदों, सिहावा और बिंद्रानवागढ़ के विधायकों तथा जिला पंचायत अध्यक्ष समेत जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाएगा. बैठक की तैयारी के लिए समिति के प्रतिनिधि 12 अक्टूबर से ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों से संपर्क कर रहे हैं.