जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सुरक्षा बलों ने आतंकवाद-रोधी अभियान के दौरान दो आतंकियों को मार गिराया है. अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान जिले के मजालता इलाके के ब्रत्तल सोहन और खुब्बन के दुर्गम, ऊंचाई वाले जंगलों में जारी है.
अभियान में सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) शामिल हैं. सुरक्षा बलों के मुताबिक, मारे गए दोनों आतंकियों के पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े होने का संदेह है. उनकी पहचान और अन्य विवरणों की आधिकारिक जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है.
खुफिया सूचना के बाद शुरू हुआ अभियान
व्हाइट नाइट कोर के अनुसार, 16 और 17 सितंबर की दरम्यानी रात ब्रत्तल, उधमपुर के सामान्य इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली थी. इसके बाद खराब मौसम, लगातार बारिश, कठिन भूभाग और कम दृश्यता के बावजूद संयुक्त अभियान शुरू किया गया. सेना ने कहा कि कार्रवाई में दो आतंकियों को मार गिराया गया.
अधिकारियों ने बताया कि पिछले सप्ताह घने जंगलों में एक आतंकी समूह की गतिविधि देखे जाने के बाद पुलिस और सुरक्षा बल उसकी तलाश कर रहे थे. ताजा सूचना मिलने पर 16 सितंबर की रात करीब नौ बजे एक इलाके की घेराबंदी की गई, जिसके बाद पहली बार सुरक्षा बलों का आतंकियों से संपर्क हुआ.
अभियान शुरू होने के कुछ समय बाद गोलियों और धमाकों की आवाज सुनाई दी. रात में क्षेत्र काफी हद तक शांत रहा, लेकिन 17 सितंबर की सुबह आतंकियों ने घेरा तोड़ने की कोशिश में भारी गोलीबारी की. इसके बाद अतिरिक्त बल मौके पर भेजे गए.
सुरक्षा बलों के अनुसार, इलाके में तलाशी और निगरानी जारी है तथा किसी भी शेष खतरे का पता लगाने के लिए जवान तैनात हैं.
