विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) ने देशभर के 32 संस्थानों को फर्जी विश्वविद्यालयों की सूची में रखा है. आयोग की सूची में दिल्ली के 12 संस्थान शामिल हैं, जो किसी एक राज्य या केंद्रशासित प्रदेश में सबसे अधिक संख्या है.

UGC ने छात्रों, अभिभावकों और आम लोगों को प्रवेश लेने या किसी भी तरह की शैक्षणिक एवं वित्तीय प्रतिबद्धता करने से पहले संस्थान की मान्यता जांचने की सलाह दी है. आयोग के अनुसार, UGC अधिनियम, 1956 के तहत अधिकृत नहीं होने वाले संस्थानों की ओर से दी गई डिग्रियां उच्च शिक्षा या रोजगार के लिए मान्य नहीं होतीं.

प्रवेश से पहले किन बातों की जांच करें

आयोग की सार्वजनिक सलाह के अनुसार, आवेदकों को यह देखना चाहिए कि संस्थान कानूनी रूप से स्थापित या मान्यता प्राप्त है या नहीं; क्या उसे संबंधित पाठ्यक्रम चलाने और डिग्री या योग्यता देने का अधिकार है; तथा आवश्यक वैधानिक और नियामक अनुमतियां मौजूद हैं या नहीं.

ऑनलाइन, दूरस्थ शिक्षा, ऑफ-कैंपस केंद्रों और स्टडी सेंटर के जरिए चलाए जा रहे पाठ्यक्रमों के मामले में भी पाठ्यक्रम, पढ़ाई के माध्यम और संचालन स्थल की अनुमति जांचना जरूरी बताया गया है.

UGC की सूची फरवरी 2026 की स्थिति के आधार पर उपलब्ध है. 17 नवंबर 2026 की सार्वजनिक सलाह में आयोग ने संबंधित अधिकारियों और संस्थानों से इस चेतावनी का व्यापक प्रचार करने को भी कहा, ताकि छात्रों के शैक्षणिक और वित्तीय हितों की रक्षा हो सके.