उज्जैन में आयोजित युवा धर्म संसद में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि ‘रिलिजन’ और धर्म को एक ही अर्थ में नहीं देखा जाना चाहिए. उन्होंने धर्म को जीवन का अनुशासन बताते हुए कहा कि इच्छा की पूर्ति, भय, लोभ या प्राण बचाने के लिए भी धर्म का त्याग नहीं करना चाहिए.
भागवत के अनुसार, सुख और दुख आते-जाते रहते हैं, जबकि धर्म नित्य रहता है. उन्होंने कहा कि मनुष्य जीवन में जिस भौतिक सुख और अर्थ-काम की अपेक्षा करता है, वह धर्म के पालन से प्राप्त हो सकती है. उनके मुताबिक धर्म का आचरण व्यक्ति को जीवन में सुख देने के साथ मोक्ष की दिशा में भी आगे बढ़ाता है.
उन्होंने धर्म को लेकर बने भ्रम का एक कारण अपनी भाषा और धर्म के वास्तविक अर्थ को भूल जाना बताया. भागवत ने कहा कि पश्चिमी लोगों ने भारत में धर्म के आचरण, कर्मकांड और अनुशासन को देखा तथा उसे अपने यहां के ‘रिलिजन’ के समान समझ लिया. बाद में भारत में भी धर्म को रिलिजन कहा जाने लगा.
कुश्ती का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि जैसे कुश्ती सीखने के लिए अखाड़े में जोर-बैठक का अभ्यास जरूरी होता है, उसी तरह धर्म के कर्मकांड और अनुशासन उसके अभ्यास का हिस्सा हैं. हालांकि, कर्मकांड धर्म का केवल एक अंग है, पूरा धर्म नहीं.
25 राज्यों से युवाओं के शामिल होने का दावा
गीता भवन में 17 से 19 सितंबर तक चल रहे इस आयोजन में देशभर से करीब 1,700 छात्र-छात्राओं के पहुंचने की जानकारी दी गई है. आयोजकों के अनुसार, दूसरे दिन लगभग 300 विद्वान, शिक्षक, शोधकर्ता और धर्माचार्य भी कार्यक्रम में शामिल होंगे. मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के 19 सितंबर को समापन सत्र में शामिल होने की बात कही गई है.
सेवाज्ञ संस्थानम् के मार्गदर्शन में हो रहे इस आयोजन को युवा धर्म संसद का छठा संस्करण बताया गया है. इससे पहले काशी, अयोध्या, मथुरा, हरिद्वार और कांचीपुरम में इसके आयोजन हो चुके हैं. आयोजकों के अनुसार, अगले वर्ष कार्यक्रम द्वारका में होगा और पिछले आयोजनों में करीब 7,100 प्रतिभागी शामिल हुए हैं.
कार्यक्रम में धर्म की अस्तित्वपरक अवधारणा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और सूचना-विचार संघर्ष जैसे विषयों पर सत्र रखे गए हैं. व्याख्यान सत्र में मनोज मुंतशिर, अवधेशानंद गिरि, प्रो. श्रीनिवास बरखेड़ी, स्मृति अनंतलक्ष्मी और जे. नंद कुमार के शामिल होने की जानकारी दी गई है.
