बेंगलुरु स्थित इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन निर्माता Ultraviolette Automotive ने Yali Capital और TDK Ventures की अगुवाई में 85 मिलियन डॉलर की फंडिंग जुटाई है. कंपनी ने बताया कि वह इस पूंजी का इस्तेमाल उत्पादन क्षमता बढ़ाने और भारत के बाहर अपनी मौजूदगी मजबूत करने में करेगी.

Ultraviolette के CEO और सह-संस्थापक नारायण सुब्रमण्यम के अनुसार, फंड का इस्तेमाल मौजूदा F77 और X-47 मॉडलों की मैन्युफैक्चरिंग बढ़ाने के साथ आने वाले उत्पादों Tesseract और Shockwave के उत्पादन को बड़े पैमाने पर शुरू करने के लिए किया जाएगा. कंपनी का कहना है कि इन उत्पादों के लिए घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों से मांग बढ़ रही है.

कंपनी फिलहाल भारत के अलावा 20 यूरोपीय देशों में अपने उत्पाद बेचती है. CTO और सह-संस्थापक नीरज राजमोहन ने बताया कि कुल बिक्री में अंतरराष्ट्रीय बाजारों की हिस्सेदारी करीब 15 प्रतिशत है. कंपनी को उम्मीद है कि वैश्विक परिचालन बढ़ने के साथ यह हिस्सेदारी बढ़कर 25 प्रतिशत हो जाएगी. उन्होंने कहा कि कंपनी के कुल राजस्व में वैश्विक बिक्री का योगदान फिलहाल 20 प्रतिशत है.

नई पूंजी का एक हिस्सा अगली पीढ़ी के वैश्विक इलेक्ट्रिक वाहन प्लेटफॉर्म विकसित करने और विदेशी बाजारों में कंपनी की स्थिति मजबूत करने पर भी लगाया जाएगा. Ultraviolette ने 2027 में अमेरिकी बाजार में प्रवेश करने का लक्ष्य रखा है. इसके अलावा, कंपनी लैटिन अमेरिका और दक्षिण-पूर्व एशिया के प्रमुख बाजारों में विस्तार की योजना बना रही है.

इस फंडिंग दौर में Walden International के चेयरमैन और Ultraviolette के सलाहकार Lip-Bu Tan के साथ कंपनी के मौजूदा और दीर्घकालिक निवेशकों ने भी भाग लिया. कंपनी ने इससे पहले सालाना पांच लाख इकाइयों तक की उत्पादन क्षमता वाली नई मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी स्थापित करने की योजना की घोषणा की थी.