संयुक्त राष्ट्र महासभा की प्रथम समिति में पारंपरिक हथियार नियंत्रण से जुड़े पाकिस्तान और बेलारूस समर्थित प्रस्ताव के खिलाफ भारत और इजरायल ने मतदान किया. प्रस्ताव को 180 मतों के समर्थन के साथ मंजूरी मिली, जबकि दो देशों ने विरोध किया और किसी ने भी मतदान से परहेज नहीं किया. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, भारत और इजरायल 193 सदस्य देशों में प्रस्ताव का विरोध करने वाले अकेले देश थे.
‘सामान्य और पूर्ण निरस्त्रीकरण: क्षेत्रीय और उप-क्षेत्रीय स्तरों पर पारंपरिक हथियार नियंत्रण’ शीर्षक वाले इस प्रस्ताव में क्षेत्रीय और उप-क्षेत्रीय स्तरों पर पारंपरिक हथियार नियंत्रण को आगे बढ़ाने की बात कही गई है. इसमें ऐसे समझौतों को प्रोत्साहित करने का आह्वान किया गया है, जो क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा मजबूत करें तथा हथियारों और सैन्य बलों को संभवतः न्यूनतम स्तर पर बनाए रखें.
भारत ने क्षेत्रीय ढांचे पर क्या कहा
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन के प्रथम सचिव अनमोल शेर बेदी ने मतदान की व्याख्या करते हुए कहा कि पारंपरिक हथियार नियंत्रण एक वैश्विक मुद्दा है और इसे मुख्य रूप से क्षेत्रीय या उप-क्षेत्रीय ढांचे में नहीं देखा जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि भारत इस विषय पर लगातार यही रुख अपनाता रहा है.
भारत ने प्रस्ताव में संयुक्त राष्ट्र निरस्त्रीकरण आयोग से क्षेत्रीय समझौतों के लिए सिद्धांत विकसित करने के अनुरोध पर भी सवाल उठाया. बेदी के अनुसार, आयोग इस विषय से संबंधित तीन सहमति-आधारित परिणाम पहले ही दे चुका है. इनमें 1993 में क्षेत्रीय निरस्त्रीकरण से जुड़े दिशानिर्देश और सिफारिशें, 1999 में पारंपरिक हथियार नियंत्रण एवं निरस्त्रीकरण संबंधी दिशानिर्देश तथा 2017 में पारंपरिक हथियारों से जुड़े व्यावहारिक विश्वास-निर्माण उपायों की सिफारिशें शामिल हैं.
भारत ने यह भी कहा कि प्रस्ताव में क्षेत्रीय और उप-क्षेत्रीय रक्षा क्षमताओं के बीच संतुलन पर जोर देना सुरक्षा चिंताओं को सीमित नजरिये से देखने जैसा है. बेदी ने तर्क दिया कि देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा हित केवल उनके तत्काल भौगोलिक पड़ोस तक सीमित नहीं होते और किसी एक क्षेत्र के भीतर सैन्य संतुलन बनाए रखने की अवधारणा व्यावहारिक नहीं हो सकती.
भारत ने दक्षिण एशिया से संबंधित पारंपरिक हथियार नियंत्रण प्रस्तावों का उल्लेख करने वाले एक अलग पैराग्राफ के खिलाफ भी मतदान किया. प्रस्ताव में क्षेत्रीय पहलों, लैटिन अमेरिकी देशों के बीच परामर्श और दक्षिण एशिया में हथियार नियंत्रण संबंधी प्रस्तावों का उल्लेख किया गया था.
