प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट की बैठक बुधवार सुबह 11 बजे होगी. बैठक में संसद के शीतकालीन सत्र की तैयारियों और सरकार की रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है. सत्र के दौरान पेश किए जाने वाले विधेयकों को मंजूरी देने के साथ-साथ कुछ योजनाओं से जुड़े प्रस्तावों पर भी विचार किया जा सकता है.
यह बैठक ऐसे समय हो रही है, जब सरकार का ध्यान आगामी सत्र के विधायी कामकाज और प्रस्तावित एजेंडे पर है. हालांकि, बैठक में किन विधेयकों या योजनाओं को मंजूरी मिलेगी, इसकी आधिकारिक जानकारी बैठक के बाद ही स्पष्ट होगी.
18 नवंबर को मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा
18 नवंबर को भारत मंडपम में प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रीपरिषद की बैठक हुई थी. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गृह और वित्त मंत्रालय समेत 11 मंत्रालयों और विभागों के सचिवों ने सरकार के कामकाज से जुड़े मुद्दों पर प्रस्तुतियां दी थीं.
बैठक में गरीबी कम करने के लिए सरकार की योजनाओं और विकसित भारत के मिशन पर चर्चा हुई थी. विश्व बैंक की एक रिपोर्ट के हवाले से बताया गया था कि 2011 से 2023 के बीच भारत में करीब 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए और अत्यधिक गरीबी की दर में 90% की कमी दर्ज की गई.
रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रधानमंत्री ने गरीबी से बाहर आए लोगों के दोबारा गरीबी में जाने के जोखिम पर भी चिंता जताई थी. उन्होंने लोगों के पैसे खर्च करने के तरीके और सरकारी योजनाओं के दीर्घकालिक प्रभाव पर जोर दिया था.
