उत्तर प्रदेश और बिहार में बाढ़ के कारण कई इलाकों में स्थिति गंभीर बनी हुई है. उत्तर प्रदेश में पिछले नौ दिनों से बारिश नहीं हुई, लेकिन बांधों से छोड़े गए पानी के बाद नदियों का जलस्तर बढ़ गया है. राज्य के 11 जिलों में 10 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं.
लखनऊ में गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से 40 हजार से ज्यादा घरों में पानी घुसने की जानकारी है. जलभराव के कारण शहर के कई हिस्सों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
बिहार में गंडक नदी के उफान और तटबंध टूटने से छह जिलों के करीब 466 गांव बाढ़ की चपेट में हैं. करीब आठ लाख लोग प्रभावित बताए गए हैं. प्रशासन ने 92,730 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है.
कई राज्यों में बारिश का अनुमान
मध्य प्रदेश में शनिवार को मानसून की विदाई हो गई, लेकिन अक्टूबर में हल्की बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. मौसम विभाग के मुताबिक, 7 से 9 अक्टूबर के बीच राज्य के पूर्वी हिस्से में गरज-चमक और आंधी के साथ बारिश हो सकती है.
6 और 7 अक्टूबर को दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और केरल में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी है. दिल्ली में 8 अक्टूबर तक बारिश जारी रहने की संभावना जताई गई है.
राजस्थान में मानसून करीब तीन दिन की देरी से विदा हुआ. इस सीजन राज्य में सामान्य से करीब 22 फीसदी कम बारिश हुई. मानसून की विदाई के बाद गर्मी बढ़ी और पिलानी में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया.
