देश के अधिकांश हिस्सों से मानसून की वापसी के बाद भी कई राज्यों में बारिश और बाढ़ का असर बना हुआ है. मध्य प्रदेश के 16 जिलों में चक्रवाती प्रभाव के चलते अगले तीन दिनों तक बारिश का अनुमान जताया गया है. उत्तराखंड, बिहार, हरियाणा, झारखंड, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़ और पंजाब में भी बारिश की संभावना बताई गई है.

पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के बाद उत्तर प्रदेश की 10 नदियों का जलस्तर बढ़ गया है. लखनऊ और सीतापुर समेत सात जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है. गोंडा के 10 गांव भी बाढ़ से प्रभावित बताए गए हैं. लखनऊ के इटौंजा इलाके में बाढ़ के तेज बहाव में छह दोस्त बह गए. इनमें से एक की मौत हो गई, जबकि पांच लोगों को बचा लिया गया. उन्नाव में दीवार गिरने से एक महिला की भी जान चली गई.

उत्तराखंड के कई इलाकों में मंगलवार शाम बारिश और बर्फबारी हुई. देहरादून में बारिश, जबकि अल्मोड़ा और उत्तरकाशी में भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि दर्ज की गई. हरियाणा के पंचकूला में भी ओले पड़े. यमुनानगर में बारिश से मंडियों में खुले में रखा धान और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में भरी उपज भीग गई.

बिहार के मुंगेर, गया, बांका और मोतिहारी में बारिश हुई. राज्य के छह जिलों के करीब 466 गांव अब भी बाढ़ की चपेट में हैं और लगभग आठ लाख लोग प्रभावित बताए गए हैं.