उत्तर प्रदेश पुलिस में सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा पास करने वाले करीब 1,700 सिपाहियों के सामने जॉइनिंग से पहले प्रशासनिक अड़चन खड़ी हो गई है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इन अभ्यर्थियों से सिपाही के रूप में प्रशिक्षण पर खर्च हुई रकम और अब तक मिले वेतन की वापसी मांगी जा रही है.
ये अभ्यर्थी 2023 में 60,244 पदों पर हुई सिपाही भर्ती में चयनित हुए थे. उनका प्रशिक्षण 17 जून 2025 से 26 अप्रैल 2026 तक चला. इसके बाद वे अपने-अपने जिलों में व्यवहारिक ड्यूटी कर रहे थे. इसी दौरान 4,543 पदों पर हुई सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों में लगभग 1,700 मौजूदा सिपाही शामिल हैं.
जॉइनिंग से पहले जमा करनी होगी रकम
रिपोर्ट के मुताबिक, जिला पुलिस प्रमुखों की ओर से जारी नोटिस में प्रशिक्षण पर खर्च हुए ₹2,70,982 और 17 जून 2025 से 31 अगस्त 2026 तक मिले ₹4,63,150 वेतन की वापसी मांगी गई है. दोनों रकम मिलाकर कुल राशि ₹7,34,132 बनती है. सब-इंस्पेक्टर पद पर जॉइनिंग से पहले विभागीय अनापत्ति प्रमाणपत्र यानी NOC लेना भी जरूरी बताया गया है.
पुलिस विभाग के मौजूदा नियम के अनुसार, दो साल के भीतर नौकरी छोड़ने पर प्रशिक्षण और वेतन की रकम लौटानी होती है. हालांकि, सफल सिपाहियों का कहना है कि वे पुलिस विभाग छोड़ नहीं रहे, बल्कि उसी विभाग में उच्च पद पर नियुक्ति ले रहे हैं. उनका तर्क है कि प्रशिक्षण पर हुआ खर्च विभाग के ही काम आएगा और इतनी बड़ी रकम तुरंत जमा करना व्यावहारिक नहीं है.
अभ्यर्थियों ने इस नियम में राहत देने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजे हैं. रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस मुख्यालय में भी इस मामले पर विचार चल रहा है. सभी सफल अभ्यर्थियों को सितंबर के आखिरी सप्ताह में जॉइनिंग देनी है.
